डकैती की साजिश नाकाम: ढाबे पर धावा बोलने से पहले 5 हथियारबंद बदमाश गिरफ्तार, बोलेरो समेत हथियार बरामद

मुरैना जिले के रामपुर कला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती की वारदात को अंजाम देने से पहले ही पांच हथियारबंद बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी कट्टे, सात जिंदा कारतूस, दो चाकू, एक लोहे का सरिया और वारदात में इस्तेमाल की जा रही सफेद बोलेरो वाहन बरामद की है।

पुलिस के अनुसार थाना प्रभारी आर.के. वर्मा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि झारेला मोड़ के पास ढेचा के खेत में कुछ बदमाश बोलेरो वाहन में बैठकर सिमरौदा किरार स्थित विनोद धाकड़ के ढाबे पर डकैती की योजना बना रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने दो विशेष टीमों का गठन कर मौके पर घेराबंदी की। पुलिस ने बदमाशों की बातचीत सुनी, जिसमें वे ढाबे पर धावा बोलकर वहां मौजूद लोगों को बंधक बनाने तथा विरोध करने वालों पर गोली चलाने और चाकू से हमला करने की योजना बना रहे थे। इसके बाद पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर आरोपियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। हालांकि आरोपी बोलेरो लेकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन की चाबी निकाल ली और पांचों बदमाशों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत धाकड़ निवासी माधौगढ़, दिनेश धाकड़, सुनील धाकड़, अमित श्रीवास और नीकेश शाक्य निवासी सदर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही उनसे पूछताछ कर उनके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों में संलिप्तता की जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!