भोपाल। मध्यप्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 9 अगस्त रविवार को भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की चार नई सीधी हवाई सेवाओं का शुभारंभ करेंगे।इनमें भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता के बीच सीधी उड़ानें शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल से रीवा के लिए शुरू होने वाली पहली उड़ान को फ्लैग ऑफ करेंगे।
इन शहरों के बीच शुरू होंगी सीधी उड़ानें
नई हवाई सेवाओं का संचालन अलायन्स एयर द्वारा किया जाएगा। मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत इन सभी हवाई मार्गों को राज्य सरकार की ओर से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रत्येक राउंड ट्रिप पर सरकार 10 लाख रुपये तक की वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) देगी।
भोपाल-रीवा और भोपाल-पटना कनेक्टिविटी होगी मजबूत
भोपाल-रीवा की सीधी उड़ान से राजधानी भोपाल और विंध्य क्षेत्र के बीच हवाई संपर्क मजबूत होगा। वहीं भोपाल-पटना उड़ान शुरू होने से मध्यप्रदेश और बिहार के बीच सीधा हवाई संपर्क स्थापित होगा। इससे यात्रियों, कारोबारियों और मध्यप्रदेश में रहने वाले बिहार के लोगों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।इसके अलावा रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता के बीच सीधी उड़ान शुरू होने से दोनों शहरों की कोलकाता और पूर्वी भारत से कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
8 नए हवाई मार्गों को मिली मंजूरी
मध्यप्रदेश सरकार के अनुसार, नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत अब तक 8 नए हवाई मार्गों को स्वीकृति दी जा चुकी है। इनमें चार मार्गों पर सेवाएं पहले ही शुरू हो चुकी हैं। इनमें रीवा-दिल्ली, रीवा-इंदौर, रीवा-रायपुर और इंदौर-अबूधाबी हवाई सेवाएं शामिल हैं।अब चार नए मार्गों पर उड़ानें शुरू होने से प्रदेश के कई प्रमुख शहर देश के अन्य हिस्सों से सीधे जुड़ जाएंगे।
पर्यटन और व्यापार को भी मिलेगा फायदा
सरकार का मानना है कि नई हवाई सेवाओं से यात्रियों का समय बचेगा और प्रदेश के भीतर तथा अन्य राज्यों के साथ आवागमन आसान होगा। बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किन्जारापु राममोहन नायडू, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल सहित नागरिक उड्डयन मंत्रालय, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और अलायन्स एयर के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे।