रिश्वत की शिकायत पर पटवारी निलंबित करने के निर्देश, कलेक्टर का सख्त एक्शन

मुरैना। जौरा तहसील कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में रिश्वत की शिकायत सामने आने पर कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने सख्त रुख अपनाते हुए पटवारी पंकज यादव को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने पटवारी पर नामांतरण संबंधी मामलों में लापरवाही और रिश्वत मांगने के आरोप लगाए थे। शिकायत के साथ प्रस्तुत साक्ष्यों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने एसडीएम जौरा को कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में जौरा और पहाड़गढ़ क्षेत्र से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन सहित विभिन्न राजस्व मामलों और अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों को सुना। कुल 250 आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं, जिनमें से 50 आवेदन समय-सीमा में निराकरण योग्य पाए गए। इन आवेदनों को टीएल में दर्ज कर पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश एसडीएम जौरा को दिए गए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि आमजन से जुड़े राजस्व कार्यों में लापरवाही, अनियमितता और भ्रष्ट आचरण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी प्रकरणों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मीट मार्केट को शहर से बाहर करने की मांग

जनसुनवाई में जौरा शहर के नागरिकों ने शहर में संचालित मीट मार्केट को बाहर स्थानांतरित करने की मांग भी रखी। कलेक्टर ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मीट की दुकानों को नरहेला गांव के समीप स्थानांतरित किए जाने के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। इसके अलावा जौरा क्षेत्र में साफ-सफाई, अतिक्रमण और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के एरियर भुगतान से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में एसडीएम जौरा शुभम शर्मा, तहसीलदार, खंड शिक्षा अधिकारी, जनपद पंचायत के सीईओ, सीएमओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!