कृषि विस्तार अधिकारियों की कलम बंद हड़ताल

मुरैना। ऑनलाइन अटेंडेंस और टाइम बाउंडेशन के विरोध में मुरैना जिले के कृषि विस्तार अधिकारियों ने मोर्चा खोल दिया है। मध्य प्रदेश कृषि विस्तार अधिकारी संघ के बैनर तले जिलेभर के कृषि विस्तार अधिकारी 17 से 20 अगस्त तक तीन दिवसीय कलम बंद हड़ताल पर हैं। अधिकारी सहायक संचालक कृषि विभाग, मुरैना कार्यालय में धरने पर बैठे हैं।

किसानों के बीच काम करने वाले अधिकारियों ने उठाई आपत्ति

कृषि विस्तार अधिकारियों का कहना है कि उन्हें ऑनलाइन अटेंडेंस से ज्यादा परेशानी टाइम बाउंडेशन को लेकर है। अधिकारियों के मुताबिक उनका काम कार्यालय तक सीमित नहीं है, बल्कि वे लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के संपर्क में रहते हैं।किसी किसान की समस्या सुबह सामने आती है तो किसी किसान को शाम के समय खेत या गांव में जाकर सलाह और सहायता की जरूरत पड़ती है। ऐसे में निर्धारित समय के भीतर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने की बाध्यता को अधिकारी व्यवहारिक नहीं मान रहे हैं।

महिला कर्मचारियों की सुविधाओं का भी मुद्दा

हड़ताल कर रहे अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाली महिला कर्मचारियों की सुविधाओं का मुद्दा भी उठाया है। उनका कहना है कि कई गांवों में महिला कर्मचारियों के रुकने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। कुछ स्थानों पर शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी भी है।अधिकारियों का कहना है कि ऐसी परिस्थितियों में गांवों में रुककर काम करना उनके लिए मुश्किल हो जाता है।

ऑनलाइन अटेंडेंस से बाहर रखने की मांग

कृषि विस्तार अधिकारियों की प्रमुख मांग है कि उन्हें ऑनलाइन अटेंडेंस व्यवस्था से बाहर रखा जाए और उनके कार्य की प्रकृति को देखते हुए टाइम बाउंडेशन में राहत दी जाए।अधिकारियों का कहना है कि उनका प्राथमिक उद्देश्य किसानों तक विभागीय योजनाओं और कृषि संबंधी सेवाओं को पहुंचाना है, इसलिए उनके काम का मूल्यांकन केवल निर्धारित समय में ऑनलाइन उपस्थिति के आधार पर नहीं किया जाना चाहिए।

किसान सेवाओं पर पड़ सकता है असर

फिलहाल जिलेभर के कृषि विस्तार अधिकारी सहायक संचालक कृषि विभाग, मुरैना कार्यालय में हड़ताल पर बैठे हैं। अधिकारियों की कलम बंद हड़ताल के चलते कृषि विभाग से जुड़ी किसान सेवाओं और मैदानी गतिविधियों पर असर पड़ने की संभावना है।अब देखना होगा कि कृषि विस्तार अधिकारियों की मांगों को लेकर शासन और कृषि विभाग क्या कदम उठाता है और हड़ताल को खत्म कराने के लिए क्या पहल की जाती है।

महिला कृषि विस्तार अधिकारियों ने सहायक संचालक को बांदी राखी

इस दौरान महिला कृषि विस्तार अधिकारियों ने सहायक संचालक के ऑफिस में पहुंचकर उन्हें राखी बांधी ओर उनकी मांगों को वरिष्ठ अधिकारी तक पहुंचाने का अनुरोध किया ।

error: Content is protected !!