मुरैना। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा भारत सरकार की खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्टेडियम, मुरैना में संचालित खेलो इंडिया स्मॉल एथलेटिक्स सेंटर के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के चयन हेतु टैलेंट सर्च एवं चयन ट्रायल का आयोजन 19 एवं 20 अगस्त 2026 को किया जा रहा है। चयन प्रक्रिया के माध्यम से 20 बालक एवं 20 बालिका खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त संचालक प्रशांत कुमार कुशवाह ने बताया कि जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा दोनों दिवस चयन ट्रायल सुबह 10 बजे से डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित पंजीयन प्रपत्र के साथ आवश्यक दस्तावेजों की छायाप्रतियां एवं दो नवीन पासपोर्ट आकार के फोटो लेकर उपस्थित हो सकते हैं।
14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी ले सकेंगे हिस्सा
चयन ट्रायल में 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं ही भाग ले सकेंगे। खिलाड़ियों की आयु की गणना 31 दिसंबर 2025 की स्थिति के अनुसार की जाएगी। चयन से पहले जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा खिलाड़ियों का शारीरिक दक्षता परीक्षण सहित विभिन्न निर्धारित मानकों पर परीक्षण किया जाएगा।
ये दस्तावेज लाना अनिवार्य
चयन ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को 10वीं की अंकसूची अथवा जन्म प्रमाण-पत्र, अद्यतन आधार कार्ड, मूल निवासी प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र एवं समग्र आईडी की छायाप्रति साथ लानी होगी। दस्तावेजों के सत्यापन के लिए सभी खिलाड़ियों को अपने मूल दस्तावेज भी साथ रखना अनिवार्य है।इच्छुक खिलाड़ी 19 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे आवश्यक दस्तावेजों के साथ डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्टेडियम पहुंचकर अपना पंजीयन करा सकते हैं।
40 खिलाड़ियों का होगा चयन
खेलो इंडिया स्मॉल एथलेटिक्स सेंटर के लिए चयन प्रक्रिया के माध्यम से कुल 40 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इनमें 20 बालक और 20 बालिका खिलाड़ी शामिल होंगे। चयनित खिलाड़ियों को खेलो इंडिया योजना के तहत एथलेटिक्स में अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा।
अधिक जानकारी के लिए यहां करें संपर्क
चयन ट्रायल से संबंधित अधिक जानकारी के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मुरैना की एथलेटिक्स प्रशिक्षक निधि पवैया के मोबाइल नंबर 9131705266 पर संपर्क किया जा सकता है।विभाग ने स्पष्ट किया है कि चयन ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को यात्रा व्यय, भोजन एवं स्वल्पाहार आदि का खर्च स्वयं वहन करना होगा। विभाग ने एथलेटिक्स में रुचि रखने वाले खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं प्रशिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है, ताकि जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को खेलो इंडिया एथलेटिक्स सेंटर की सुविधा का लाभ मिल सके और वे अपनी खेल प्रतिभा को नई पहचान दे सकें।