आधी रात रसोई की खिड़की से फंदा लगाकर शिक्षिका ने दी जान, परिजनों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप

मुरैना। सबलगढ़ में एक शिक्षिका द्वारा आधी रात आत्महत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। गायत्री कॉलोनी निवासी स्नेहलता उर्फ पिंकी त्रिवेदी ने अपने घर के रसोईघर की खिड़की से दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। स्नेहलता जाबरोल स्थित शासकीय स्कूल में शिक्षिका के पद पर पदस्थ थीं, जबकि उनके पति अनिल त्रिवेदी भी शासकीय विद्यालय में प्राचार्य हैं।

परिजनों ने लगाया घरेलू प्रताड़ना का आरोप

मृतका की भाभी ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि स्नेहलता घरेलू प्रताड़ना से परेशान थीं। आरोप है कि पति अनिल त्रिवेदी शराब के नशे में अक्सर विवाद और झगड़ा करते थे, जिसके कारण वह लंबे समय से परेशान थीं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही सबलगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। टीआई पंकज मुदगल के अनुसार, प्रथम दृष्टया पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आत्महत्या के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।पुलिस के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि शिक्षिका ने किन परिस्थितियों में आत्महत्या जैसा कदम उठाया। पुलिस द्वारा परिजनों के बयान सहित मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!