मुरैना। मुरैना जिले के बागचीनी थाना क्षेत्र के बागचीनी गांव में अज्ञात चोरों ने दो किराना व्यापारी भाइयों के घरों को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और ताले तोड़कर नगदी, सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब 50 लाख रुपये का माल लेकर फरार हो गए। वारदात के दौरान परिवार के सदस्य घर के अंदर सोते रहे और सुबह जागने पर चोरी का पता चला।

पीड़ित व्यापारियों की पहचान विष्णु अग्रवाल और ओमप्रकाश अग्रवाल के रूप में हुई है। दोनों भाई गांव में किराना दुकान संचालित करते हैं और उनके मकान एक ही परिसर में स्थित हैं। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। बताया जा रहा है कि चोरों ने पहले ओमप्रकाश अग्रवाल के घर में प्रवेश किया और ताले तोड़कर चोरी की। इसके बाद बदमाश विष्णु अग्रवाल के घर पहुंचे। यहां कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे करीब 20 तोला सोने के जेवरात, एक किलो चांदी और लगभग 18 लाख रुपये नगद चोरी कर लिए। सुबह करीब 6 बजे जब परिवार के सदस्यों की नींद खुली तो घर के ताले टूटे हुए मिले और सामान बिखरा पड़ा था। चोरी की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मकान खरीदने के लिए जुटाई थी रकम
पीड़ित विष्णु अग्रवाल के अनुसार, वह रक्षाबंधन के बाद मुरैना में मकान खरीदने की योजना बना रहे थे। मकान खरीदने के लिए उन्होंने नगदी और जेवरात एकत्रित कर अलमारी में रखे थे। लेकिन चोरों ने उनकी जमा-पूंजी पर हाथ साफ कर दिया।
पुलिस ने शुरू की चोरों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही बागचीनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

एसडीओपी जौरा नितिन बघेल ने बताया कि बागचीनी गांव में अज्ञात चोरों ने किराना व्यापारी के घर वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस द्वारा चोरों की तलाश की जा रही है और जल्द आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।