मुरैना। सिटी कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

हरीराज टॉकीज के पास से चोरी हुई थी अपाचे
पुलिस के अनुसार, बीते 7 जुलाई 2026 को हरीराज टॉकीज के पास से एक अपाचे मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। वाहन मालिक ने बाइक को सुबह करीब 8 बजे टॉकीज के पास खड़ा किया था और दोपहर करीब 12 बजे वापस लौटने पर बाइक मौके से गायब मिली। शिकायत के बाद सिटी कोतवाली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी अमित भदौरिया ने विशेष टीम गठित की। टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में लवकुश पुत्र गजेंद्र, सचिन पुत्र रामखिलाड़ी गुर्जर, मंगल पुत्र रामखिलाड़ी गुर्जर और आशीष उर्फ कारी पुत्र बलकारी गुर्जर, सभी निवासी रिठौरा, शामिल हैं।पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद कीं।

पांच शहरों से बाइक चोरी करने का दावा
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों का नेटवर्क केवल मुरैना तक सीमित नहीं था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मुरैना के अलावा भिंड, ग्वालियर, शिवपुरी और राजस्थान के धौलपुर में भी वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में पुलिस संबंधित थाना क्षेत्रों से जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी के वाहनों को कहां और किसके माध्यम से खपाया जाता था।

अन्य आरोपियों और वाहन खपाने वाले नेटवर्क की तलाश
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच टीम गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, चोरी की अन्य वारदातों और चोरी के वाहनों को दूसरे शहरों में बेचने वाले नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी के मामलों में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।