चोरी करने घुसा युवक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा, पेड़ से बांधकर की पिटाई, VIDEO वायरल

मुरैना। अंबाह थाना क्षेत्र के श्यामपुर कला गांव में चोरी के शक में पकड़े गए एक युवक के साथ ग्रामीणों द्वारा मारपीट करने और उसे पेड़ से बांधने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।

पहली बार चोरी के बाद दोबारा घर में घुसने का आरोप

जानकारी के मुताबिक, 30 तारीख की रात एक युवक कथित तौर पर चोरी करने के इरादे से बलवीर सखवार के घर में घुसा था। इसी दौरान बलवीर की आंख खुल गई और युवक वहां से भागकर लोकेंद्र सखवार के घर की छत पर जा चढ़ा। यहां भी लोगों के जाग जाने पर वह भागने लगा। आरोप है कि भागते समय युवक ने लोकेंद्र सखवार की बेटी का मोबाइल फोन चोरी कर लिया। ग्रामीणों ने पीछा कर युवक को पकड़ लिया।

पेड़ से बांधकर की मारपीट

युवक के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने उसे रस्सी के सहारे पेड़ से बांध दिया और उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बाद में ग्रामीण युवक को पकड़कर अंबाह थाने ले गए और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

वीडियो में युवक ने बताए दो साथियों के नाम

वायरल वीडियो में युवक अपना नाम धर्मवीर सखवार पुत्र जमुना प्रसाद सखवार, निवासी सेन्थरा बता रहा है। युवक दावा कर रहा है कि वह अकेला नहीं था, बल्कि उसके साथ इंद्रजीत सिंह सहित एक अन्य युवक भी चोरी करने आया था। युवक ने यह भी दावा किया कि 24 तारीख की रात उसने इसी घर में चोरी की थी और बलवीर की मां का बाला चोरी किया था। इसके बाद दोबारा चोरी करने पहुंचने पर ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस में दिया आवेदन

मामले में बलवीर सखवार और लोकेंद्र सखवार ने आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अंबाह थाने में आवेदन दिया है। बलवीर सखवार का आरोप है कि आरोपी के खिलाफ पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं की जा रही है।

थाना प्रभारी बोलेपुलिस कर रही कार्रवाई

अंबाह थाना प्रभारी वीरेश कुशवाह ने बताया कि 30 तारीख की रात श्यामपुर कला गांव के कुछ लोग एक युवक को पकड़कर थाने लाए थे। ग्रामीणों का कहना था कि युवक मोबाइल चोरी कर भाग रहा था। पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। वहीं युवक को पेड़ से बांधकर मारपीट किए जाने के वायरल वीडियो के संबंध में थाना प्रभारी ने जानकारी होने से इनकार किया है।

error: Content is protected !!