हनुमान मंदिर की दीवार पर आपत्तिजनक टिप्पणी, ग्रामीणों ने थाने में दी शिकायत

मुरैना। सबलगढ़ थाना क्षेत्र के खेरला गांव में हनुमान मंदिर की दीवार पर आपत्तिजनक टिप्पणी लिखे जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण शिकायत लेकर थाने पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।


ग्रामीणों का आरोप है कि असामाजिक तत्वों द्वारा गांव की शांति और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के उद्देश्य से मंदिर की दीवार पर आपत्तिजनक टिप्पणी लिखी गई है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।


सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से बातचीत की। पुलिस की समझाइश के बाद ग्रामीण शांत हुए। पुलिस ने दीवार पर टिप्पणी लिखने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।

एसडीओपी ने कही कार्रवाई की बात

एसडीओपी उमेश मिश्रा ने बताया कि खेरला गांव स्थित हनुमान मंदिर की दीवार पर आपत्तिजनक टिप्पणी लिखे जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा निगरानी की जा रही है।

error: Content is protected !!