मुरैना में अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा, 25 आरोपी गिरफ्तार; 287 लीटर शराब जब्त

मुरैना। जिले में अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी, क्रय-विक्रय एवं परिवहन के खिलाफ मुरैना पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देशन में 7 सितंबर 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के 25 प्रकरण दर्ज कर 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 251 लीटर देशी एवं 36 लीटर विदेशी शराब, कुल 287 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कीमत करीब 1 लाख 45 हजार 510 रुपये बताई गई है। इसके अलावा अवैध शराब के परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक MP06 CA 0577, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये है, उसे भी पुलिस ने जब्त किया। इस तरह पुलिस कार्रवाई में कुल करीब 4 लाख 45 हजार 510 रुपये का मशरूका जब्त किया गया।

जिले के चिन्नौनी, कोतवाली, सिविल लाइन, बामौर, पहाड़गढ़, अंबाह, बागचीनी, माताबरौया, रिठौरा, दिगनी, पोरसा, सबलगढ़, सुमावली, देवगढ़, जौरा और टेंटरा थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

5 आदतन अपराधियों का कराया बाउंड ओवर

अवैध शराब के खिलाफ अभियान के साथ ही पुलिस ने इस तरह के मामलों में पूर्व से लिप्त आदतन अपराधियों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। 7 सितंबर को कुल 5 आदतन अपराधियों का बाउंड ओवर कराया गया, ताकि भविष्य में अवैध गतिविधियों की पुनरावृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।पुलिस टीमों द्वारा अवैध शराब का निर्माण, परिवहन और बिक्री करने वाले संभावित लोगों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिले के प्रमुख मार्गों, संवेदनशील क्षेत्रों और अवैध शराब की संभावना वाले स्थानों पर चेकिंग एवं पेट्रोलिंग भी की जा रही है। मुरैना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने आमजन से की अपील

मुरैना पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण, बिक्री, भंडारण या परिवहन होने की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!