मुरैना। थाना नूराबाद क्षेत्र में कार रोककर फायरिंग और तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का कट्टा और 315 बोर की रायफल भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, 5 जून 2026 को फरियादी हरेन्द्र गुर्जर निवासी जरेरूआ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने पिता रघुवर और परिजनों के साथ कार से गांव लौट रहा था। तभी बिचौला रोड के पास एक बिना नंबर की काली क्रेटा कार ने उनकी गाड़ी रोक ली। आरोप है कि कार से उतरे मनोज गुर्जर, करुआ उर्फ मोहर सिंह, अरविंद गुर्जर और भूरा ने फायरिंग की। इसके बाद एक सफेद स्कॉर्पियो से आए भरत गुर्जर, बीरबल उर्फ बीरा, रघुराज गुर्जर तथा दो अन्य लोगों ने लाठी-डंडों से उनकी कार में तोड़फोड़ की। मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस के लगातार प्रयासों के बाद 17 जून को मुखबिर की सूचना पर पांच वांछित आरोपियों को टेकरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में मनोज पुत्र रघुराज सिंह गुर्जर और भरत पुत्र जंगजीत गुर्जर के कब्जे से एक 315 बोर का कट्टा और एक 315 बोर की रायफल बरामद हुई है। इसके चलते प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 भी जोड़ी गई है।पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
