जौरा। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित सीएमसीएलडीपी कक्षा, शासकीय महाविद्यालय जौरा में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से “माटी के गणेश” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम ब्लॉक समन्वयक बीडी शर्मा के नेतृत्व में हुआ, जिसमें छात्रों को मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने की कला सिखाई गई।

कार्यक्रम में मूर्तिकार रामगोपाल गौड़ ने छात्र-छात्राओं को मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने की विधि बताई। इसके बाद विद्यार्थियों ने स्वयं माटी के गणेश की प्रतिमाएं तैयार कीं। प्रतियोगिता में बबली शाक्य ने प्रथम, सोनम शाक्य ने द्वितीय और सोनम कुशवाह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्राओं का पट्टिका पहनाकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक समन्वयक बीडी शर्मा ने भगवान गणेश की प्रतिमा का पूजन कर आरती की। छात्र-छात्राओं ने भगवान गणेश के चरणों में पुष्प अर्पित किए। वहीं मूर्तिकार रामगोपाल गौड़ का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।

इस अवसर पर बीडी शर्मा ने सीएमसीएलडीपी कक्षाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने का आग्रह किया। उन्होंने “घर-घर गणेश, हर घर गणेश” का संदेश देते हुए विद्यार्थियों से अपने गांव और घर में मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाकर गणेश चतुर्थी मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) और अन्य हानिकारक पदार्थों से बनी प्रतिमाएं विसर्जन के बाद जल और मिट्टी को प्रदूषित करती हैं, जिसका प्रतिकूल प्रभाव पर्यावरण और जीव-जंतुओं पर पड़ता है। ऐसे में मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं का उपयोग पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में नवांकुर समिति के अल्केश राठौर और कैलाश शर्मा ने सुंदर गीत प्रस्तुत किए। कुमार शर्मा ने मंच का संचालन करते हुए जन अभियान परिषद की गतिविधियों और अधिकारियों के बारे में जानकारी दी।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर प्रस्फुटन समितियों के परामर्शदाता कमल किशोर त्यागी, विनोद शर्मा, रामदुलारी, योगेश तिवारी, रामकुमार, मनोज, प्रवीण, राहुल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।