5 लाख के लेनदेन को लेकर रिश्तेदारों में विवाद, बरावली गांव में चलीं गोलियां, 3 घायल

मुरैना। रिठौरा थाना क्षेत्र के बरावली गांव में करीब 5 लाख रुपये के पैसों के लेनदेन को लेकर रिश्तेदारों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला हाथापाई और फिर फायरिंग तक पहुंच गया। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं। फायरिंग की आवाज से गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, गिरगांव निवासी विश्वनाथ गुर्जर अपने परिजनों और रिश्तेदारों समेत करीब दो दर्जन से अधिक लोगों के साथ बरावली गांव पहुंचा था। यहां उसने अपने मामा के बेटे दिलीप गुर्जर से करीब 5 लाख रुपये की उधारी वापस मांगी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और हाथापाई होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान विश्वनाथ गुर्जर और उसके भाई रामेंद्र गुर्जर ने रायफल से फायरिंग कर दी। घटना में अजीत गुर्जर, दिलीप गुर्जर और नारायण गुर्जर घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान करीब 4 से 5 राउंड फायर किए गए। गोलियों की आवाज सुनकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

गोहद में पहले हो चुकी थी पंचायत

पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं और विवाद जमीन के पैसों के लेनदेन से जुड़ा बताया जा रहा है। करीब 5 लाख रुपये के बकाया को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच गोहद में पंचायत हुई थी, लेकिन वहां विवाद का समाधान नहीं हो सका।रविवार को विश्वनाथ गुर्जर अपने रिश्तेदारों के साथ दोबारा बरावली गांव पहुंचा। यहां पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते फायरिंग तक पहुंच गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही रिठौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

रिठौरा थाना प्रभारी संतोष बाबू गौतम के अनुसार, बरावली गांव में पैसों के लेनदेन को लेकर गोली चलने की घटना सामने आई है। इसमें तीन लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं। मामले में 3-4 लोगों के नाम सामने आए हैं और प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!