बानमोर में डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस की तर्ज पर हुआ आयोजन, करीब 200 रोटेरियन्स ने लिया हिस्सा
मुरैना। रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3053 द्वारा आयोजित एक दिवसीय डिस्ट्रिक्ट पब्लिक इमेज सेमिनार ‘प्रतिष्ठा-I’ का आयोजन रविवार, 13 सितंबर को बानमोर स्थित शुभिम रिसॉर्ट में किया गया। डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस की तर्ज पर आयोजित सेमिनार में मुरैना, सबलगढ़, ग्वालियर, डबरा, भिंड और अशोकनगर सहित विभिन्न शहरों के करीब 200 रोटेरियन्स ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सीए रोटे. बृज मोहन अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर पीडीजी वी.के. गंगवाल, एआरपीआईसी पवन खंडेलवाल सहित डिस्ट्रिक्ट के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

सेमिनार के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता पीडीजी अजय गुप्ता (RID 3141) ने ‘रोटरी को बेहतर संबंधों के लिए पब्लिक इमेज की आवश्यकता’ विषय पर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि रोटरी को समाज के लिए किए जा रहे अच्छे कार्यों के साथ-साथ उन्हें प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने ‘Visibility Leads to Success’ का संदेश देते हुए पब्लिक इमेज को संगठन की सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया।

तीन तकनीकी सत्रों में पब्लिक इमेज पर चर्चा
सेमिनार के दौरान तीन तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। पहले सत्र ‘समाज में अपनी छवि कैसे सुधारें’ में पीडीजी पवन खंडेलवाल, आईपीडीजी निशा शेखावत सहित अन्य वक्ताओं ने रोटरी की सामाजिक छवि को मजबूत करने के विभिन्न पहलुओं पर विचार रखे।
दूसरे सत्र ‘मीडिया और ब्रांडिंग’ में पीडीजी राहुल श्रीवास्तव एवं अन्य वक्ताओं ने बैनर डिजाइन, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तथा सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर चर्चा की। वक्ताओं ने बताया कि सही ब्रांडिंग और प्रभावी संचार के माध्यम से रोटरी के सामाजिक कार्यों को व्यापक स्तर तक पहुंचाया जा सकता है।
तीसरे सत्र ‘स्थायी प्रोजेक्ट—पब्लिक इमेज की कुंजी’ में डीजीई प्रदीप पाराशर ने स्थायी सामाजिक परियोजनाओं पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि सीएसआर और ग्लोबल ग्रांट के माध्यम से ऐसे प्रोजेक्ट तैयार किए जा सकते हैं, जो लंबे समय तक समाज के लिए उपयोगी रहने के साथ रोटरी की पहचान भी बनें।

हर क्लब को स्थायी प्रोजेक्ट का लक्ष्य
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बृज मोहन अग्रवाल ने अपने विजन को साझा करते हुए कहा कि प्रत्येक रोटरी क्लब को कम से कम एक स्थायी प्रोजेक्ट जरूर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज के लिए किया गया स्थायी और उपयोगी कार्य ही रोटरी की वास्तविक पब्लिक इमेज को मजबूत करता है।

कार्यक्रम का संचालन रोटेरियन रवि गुप्ता एवं रोटेरियन अभय परमार ने किया। सेमिनार के सफल आयोजन के बाद मेजबान अध्यक्ष रोटेरियन करतार सिंह राजपूत एवं रोटेरियन तरुण शर्मा ने सभी वरिष्ठ रोटरी लीडर्स, रोटरी साथियों तथा मध्यप्रदेश के विभिन्न रोटरी क्लबों से आए पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।