12-13 सितंबर की कार्रवाई में 145 लीटर अवैध शराब जब्त, 15 प्रकरण दर्ज
मुरैना। अवैध मादक पदार्थ और शराब की तस्करी, क्रय-विक्रय एवं अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए मुरैना पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत 12 और 13 सितंबर 2026 को विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं संबंधित अनुभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने दबिश देकर 15 अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए और 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 145 लीटर अवैध देशी-विदेशी शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 72,870 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 3, स्टेशन रोड में 2, सिहौनियां में 2 तथा नगरा, बामौर, नूराबाद, सबलगढ़, रामपुर, महुआ, देवगढ़ और कैलारस थाना क्षेत्रों में एक-एक प्रकरण दर्ज कर की गई।सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग आपराधिक प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
आदतन अपराधियों पर भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
अवैध शराब के कारोबार एवं इससे जुड़े मामलों में पूर्व से लिप्त आदतन अपराधियों के खिलाफ भी पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। 12-13 सितंबर को ऐसे आरोपियों के विरुद्ध धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई, ताकि अवैध गतिविधियों की पुनरावृत्ति पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी
मुरैना पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में शामिल संभावित लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रमुख मार्गों, संवेदनशील क्षेत्रों और अवैध शराब की संभावना वाले स्थानों पर चेकिंग एवं पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार प्रभावी और कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।