मुरैना। शहर के मिल एरिया रोड स्थित कृष्णा हॉस्पिटल में उपचार के दौरान 55 वर्षीय मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मृतक की पहचान रामदीन कुशवाह पुत्र देवीराम कुशवाह, निवासी जारोनी के रूप में हुई है। परिजनों ने अस्पताल में उपचार के दौरान लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार रामदीन कुशवाह को बुखार की शिकायत थी। परिजन उन्हें उपचार के लिए कृष्णा हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में इलाज के दौरान रामदीन को इंजेक्शन लगाया गया। इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ गई और करीब 10 मिनट के भीतर उनकी मौत हो गई।

मरीज की मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने अस्पताल के बाहर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद परिजनों ने सड़क पर ट्रैक्टर को तिरछा खड़ा कर रास्ता रोक दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर मामले को शांत कराने की कोशिश की।

परिजनों का आरोप है कि गलत उपचार के कारण रामदीन की जान गई है। वे संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। परिजनों ने फिलहाल मृतक का पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया है।
खबर लिखे जाने तक पुलिस मौके पर मौजूद थी और परिजन कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस द्वारा परिजनों से चर्चा कर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। मरीज की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।