मुरैना। जिले में आयोजित कलेक्टर की जनसुनवाई के दौरान मंगलवार को एक किसान का अनोखा विरोध और अपनी फरियाद रखने का तरीका चर्चा का विषय बन गया। पोरसा तहसील के लेपा गांव का किसान नरेश तोमर दंडवत लगाते हुए कलेक्टर कार्यालय की जनसुनवाई में पहुंचा और अधिकारियों के सामने अपनी जमीन के नामांतरण की समस्या रखी। किसान का आरोप है कि उसकी जमीन के दस्तावेजों में कथित रूप से छेड़छाड़ की गई है। उसके मुताबिक, मौजा पटवारी द्वारा खसरे में पुराने खातेदारों के नाम जोड़ दिए गए हैं, जिसके चलते उसकी जमीन का नामांतरण नहीं हो पा रहा है।

दो बार आवेदन के बाद भी नहीं हुआ समाधान
नरेश तोमर का कहना है कि वह अपनी समस्या को लेकर पहले भी दो बार कलेक्टर की जनसुनवाई में आवेदन दे चुका है, लेकिन अब तक समस्या का निराकरण नहीं हो सका। किसान के मुताबिक, हर बार कार्रवाई और समाधान का भरोसा दिया गया, लेकिन जमीन का नामांतरण नहीं होने से उसकी परेशानी बनी हुई है।
दंडवत लगाते हुए पहुंचा किसान
लगातार अधिकारियों के चक्कर लगाने के बाद मंगलवार को किसान नरेश तोमर ने दंडवत लगाते हुए जनसुनवाई तक पहुंचकर अपनी समस्या अधिकारियों के सामने रखी। किसान का कहना है कि वह लंबे समय से अपनी जमीन के नामांतरण के लिए परेशान है और अब उसे कलेक्टर से ही न्याय की उम्मीद है।

‘उम्मीद है कलेक्टर साहब न्याय करेंगे’
किसान नरेश तोमर ने कहा कि पुराने खातेदारों के नाम खसरे में दर्ज होने के कारण उसका नामांतरण अटका हुआ है। उसने अधिकारियों से मामले की जांच कराकर जमीन के दस्तावेजों की स्थिति स्पष्ट करने और नामांतरण की प्रक्रिया पूरी कराने की मांग की है। किसान ने उम्मीद जताई कि कलेक्टर मामले को गंभीरता से लेकर संबंधित राजस्व अधिकारियों से जांच कराएंगे और उसे न्याय दिलाएंगे।