मुरैना जिला जेल में बंद एक बंदी की बैरक बदले जाने से नाराज उसके भाई ने जेल उप अधीक्षक को फोन पर गोली मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक, 60 हजार रुपये का ईनामी और फरार बदमाश कल्ली गुर्जर ने मंगलवार दोपहर जेल उप अधीक्षक सुनील कुमार शर्मा को फोन कर धमकी दी। आरोपी ने कहा कि जेल में बंद जोगेंद्र उर्फ योगेंद्र गुर्जर उसका छोटा भाई है और उसकी तरफ आंख उठाकर देखने पर गोली मार देगा।
धमकी मिलने के बाद जेल उप अधीक्षक ने मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई है। साथ ही सुरक्षा के लिए पुलिस गार्ड उपलब्ध कराने की मांग की है।

बैरक बदलने को लेकर किया फोन
शिकायत के अनुसार, जोगेंद्र उर्फ योगेंद्र गुर्जर वर्तमान में मुरैना जिला जेल में बंद है। कुछ दिन पहले जेल उप अधीक्षक सुनील कुमार शर्मा ने उसकी बैरक बदलकर उसे दूसरी बैरक में शिफ्ट किया था। इसी बात से नाराज होकर कल्ली गुर्जर ने मंगलवार दोपहर करीब 12:49 बजे जेल उप अधीक्षक को फोन किया। उप अधीक्षक के मुताबिक, उस समय वह अपने कार्यालय में काम कर रहे थे। फोन करने वाले ने खुद को कल्ली गुर्जर बताते हुए जोगेंद्र की बैरक बदले जाने पर नाराजगी जताई और धमकी दी।

“जोगेंद्र मेरा भाई है, उसकी तरफ देखा तो गोली मार दूंगा”
उप अधीक्षक के अनुसार, फोन पर आरोपी ने जोगेंद्र को अपना भाई बताते हुए बैरक बदलने पर आपत्ति जताई। शिकायत में आरोप है कि उसने कहा कि जोगेंद्र की तरफ देखा भी तो गोली मार देगा। आरोप है कि फोन पर धमकी देने के बाद व्हाट्सऐप पर भी गाली-गलौज वाले संदेश भेजे गए। घटना के बाद जेल प्रशासन में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।
धौलपुर जेल से भाई के बाहर आने का भी किया जिक्र
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि बातचीत के दौरान कल्ली गुर्जर ने अपने भाई सचिन गुर्जर का जिक्र किया। बताया गया कि सचिन हाल ही में धौलपुर जेल से बाहर आया है, जबकि जोगेंद्र उर्फ योगेंद्र गुर्जर मुरैना जिला जेल में बंद है।
फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फोन कॉल, व्हाट्सऐप संदेशों और धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।