नशे के खिलाफ आवाज उठाना बुजुर्ग को पड़ा भारी! मारपीट में टूटी हाथ की हड्डी, जेल से लौटे तो घर के ताले टूटे मिले

मुरैना। शहर में कथित अवैध नशे के कारोबार का विरोध करने वाले एक बुजुर्ग ने मारपीट, जेल भेजे जाने और घर में चोरी की शिकायत लेकर मुरैना एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र की संजय कॉलोनी स्थित सविता पुरा रोड का बताया जा रहा है।

पीड़ित समरथ सिंह गुर्जर का आरोप है कि नशे के कारोबार का विरोध करने के चलते कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की। मारपीट में उनके हाथ की हड्डी टूट गई। उनका आरोप है कि घटना के बाद आरोपियों ने उनके खिलाफ ही पुलिस में मामला दर्ज करा दिया, जिसके चलते उन्हें जेल जाना पड़ा।

समरथ सिंह के मुताबिक, जेल से बाहर आने के बाद जब वह अपने घर पहुंचे तो मकान के ताले टूटे हुए मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि घर के अंदर रखा गृहस्थी का सामान भी गायब था। पीड़ित ने इस घटना की भी जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिसकर्मी की कथित मिलीभगत का लगाया आरोप

पीड़ित ने अपनी शिकायत में कुछ लोगों पर कथित रूप से अवैध गांजा और स्मैक के कारोबार में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। समरथ सिंह ने हैडकांस्टेबल राम प्रकाश गुर्जर उर्फ पहलवान की कथित मिलीभगत का भी आरोप लगाया है। उन्होंने रानू भदौरिया के साथ रवी राणा और संजय पहलवान पर भी कथित रूप से नशे के कारोबार में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

समरथ सिंह का कहना है कि उन्होंने मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से करने का प्रयास किया, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद वह मंगलवार को मुरैना एसपी कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के सामने अपनी शिकायत रखी।

एसपी कार्यालय पहुंचकर जांच की मांग

पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। शिकायत में मारपीट, हाथ की हड्डी टूटने, जेल भेजे जाने, घर के ताले टूटने और सामान चोरी होने के साथ ही कथित नशे के कारोबार की जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है।

पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और घर में चोरी की घटना के पीछे कौन लोग जिम्मेदार हैं।

error: Content is protected !!