जौरा जनपद पंचायत की बैठक में हंगामा, पुलिस से झूमाझटकी, विपक्षी सदस्यों ने लगाए गंभीर आरोप

मुरैना। जौरा जनपद पंचायत में बुधवार को जनपद सदस्यों की बैठक के दौरान जमकर हंगामा हो गया। विवाद बढ़ने पर पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। इस दौरान बैठक में शामिल होने से रोके गए विपक्षी जनपद सदस्यों और पुलिस के बीच झूमाझटकी होने की बात सामने आई है। बैठक के बाहर खड़े सदस्यों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। विपक्षी जनपद सदस्यों का आरोप है कि पुलिस ने उनके कुछ सदस्यों को जबरन बैठक से बाहर निकाल दिया। सदस्यों का यह भी आरोप है कि बैठक में पर्याप्त सदस्य मौजूद नहीं होने के बावजूद 11 सदस्यों द्वारा प्रोसिडिंग लिख दी गई।

15वें वित्त की राशि में बंदरबांट का आरोप

विपक्षी सदस्यों ने 15वें वित्त आयोग के तहत मिलने वाली विकास राशि के उपयोग को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि जनपद अध्यक्ष के पति और जनपद सीईओ की मिलीभगत से विकास राशि के उपयोग में अनियमितताएं की जा रही हैं। सदस्यों का दावा है कि इसका असर पंचायतों में होने वाले विकास कार्यों पर पड़ रहा है। सदस्यों के मुताबिक, वे इस मामले को लेकर पहले भी अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन उनकी शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। बुधवार को बैठक में इसी मुद्दे को उठाने के लिए वे पहुंचे थे, लेकिन उनका आरोप है कि उन्हें बैठक में शामिल होने से रोक दिया गया।

पुलिस पहुंची तो बढ़ा विवाद

विपक्षी सदस्यों के अनुसार, बैठक के दौरान विवाद बढ़ने के बाद पुलिस को बुलाया गया। सदस्यों का आरोप है कि पुलिस ने उनके कुछ सदस्यों को बैठक से बाहर कर दिया। इसके बाद बाहर खड़े सदस्यों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। विपक्षी सदस्यों का दावा है कि बैठक में निर्धारित कोरम पूरा नहीं था। इसके बावजूद 11 सदस्यों द्वारा बैठक की प्रोसिडिंग लिखे जाने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, बैठक में वास्तविक रूप से कितने सदस्य मौजूद थे और कोरम की स्थिति क्या थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।

जनपद सदस्य टिंकू सिकरवार ने लगाए आरोप

जनपद सदस्य टिंकू सिकरवार उर्फ नरेंद्र ने आरोप लगाया कि विकास कार्यों में अनियमितताओं को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने विकास फंड के उपयोग में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे पंचायतों के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। टिंकू सिकरवार ने कहा, “हम लगातार भ्रष्टाचार की शिकायत कर रहे हैं। इसके बावजूद आज हमें मीटिंग में बैठने तक नहीं दिया गया और पुलिस बुलाकर बाहर निकलवा दिया गया।”

सीईओ से संपर्क की कोशिश, मोबाइल बंद मिला

मामले में जनपद पंचायत जौरा के सीईओ कुलदीप श्रीवास्तव का पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल नंबर 9425808609 पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन मोबाइल फोन बंद मिला।

error: Content is protected !!