मुरैना। शहर के जीवाजी गंज क्षेत्र में कोचिंग संस्थानों के आसपास विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित वातावरण और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर यह अभियान 20 सितंबर 2026 से शुरू किया गया।अभियान के तहत पिछले तीन दिनों में यातायात पुलिस ने 50 से अधिक वाहनों पर चालानी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना नंबर प्लेट, तीन सवारी, बिना हेलमेट सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। इस दौरान करीब 40 हजार रुपए का समन शुल्क वसूल किया गया।

यातायात पुलिस द्वारा कोचिंग संस्थानों के आसपास आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना लाइसेंस वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट, तीन सवारी और बिना हेलमेट जैसे नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। असामाजिक या उपद्रवी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों पर भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, कोचिंग संस्थानों के आसपास विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की है।